काउंसलिंग से निकल रही महिला पर पति ने महिला थाने के सामने ही चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव करने आए ससुर पर भी युवक ने वार कर दिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ना चाहा, तभी उसने जहरीला पदार्थ खा लिया।
मंगलवार दोपहर तीन बजे ये वारदात महिला थाने के सामने हुई। सूखी सेवनिया निवासी 27 वर्षीय महिला ने एक साल पहले करोंद निवासी विजय अहिरवार से लव मैरिज की थी। एसआई दिनेश रघुवंशी के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद ही दोनों में विवाद होने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि दो महीने से महिला मायके में रह रही है। ससुराल में हुई मारपीट की शिकायत उसने महिला थाने में की थी। मंगलवार को दोनों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। महिला तो तय समय पर पहुंच गई, लेकिन विजय नहीं आया। काफी इंतजार करने के बाद भी जब विजय नहीं आया तो महिला घर लौटने लगी। अभी वह थाने से पुराने कंट्रोल रूम की ओर बढ़ ही रही थी, तभी विजय ने उसे रोक लिया। रुकते ही विजय ने उसके गले पर चाकू से वार करना चाहा। बचने के लिए महिला ने बायां हाथ उठाया तो चाकू उसकी कलाई पर जा लगा। महिला के पिता बचाने के लिए आए तो आरोपी ने उनके पेट में भी चाकू घोंप दिया।